अजब गजबLatest

​हलवाई पति का पत्नी ने बना दिया ‘कचंबर’: रस्सी से बांधकर दिया करंट; पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा तो उड़े होश

​हलवाई पति का पत्नी ने बना दिया ‘कचंबर’: रस्सी से बांधकर दिया करंट; पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा तो उड़े होश

फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर में एक पत्नी ने ‘अतिथी देवो भवः’ की जगह ‘पति देवो शॉकः’ वाला ऐसा खौफनाक रूप दिखाया कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार रात जब हलवाई पति आकंठ नशे में डूबा हुआ घर पहुंचा, तो पत्नी का पारा ऐसा सातवें आसमान पर चढ़ा कि उसने घर को ही ‘टॉर्चर रूम’ बना डाला। पत्नी ने पहले तो पतिदेव पर लाठियां बरसाकर उनका सिर फोड़ा, और जब इतने से भी मन नहीं भरा तो उन्हें चारपाई से बांधकर सीधे बिजली के नंगे तारों से ‘हाई वोल्टेज शॉक ट्रीटमेंट’ दे दिया। कमरे के अंदर से आ रही चीखें सुनकर जब पड़ोसियों ने दरवाजा तुड़वाया, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर सबके तोते उड़ गए।

​नशे में घर लौटने पर हुआ था विवाद

​पुलिस और पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार, परसदेपुर गांव के रहने वाले संजीव तिवारी पेशे से हलवाई हैं। रविवार रात करीब 10:30 बजे वह अत्यधिक नशे की हालत में घर पहुंचे थे। इसी बात को लेकर उनका पत्नी रन्नो देवी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी अपना आपा खो बैठी और उसने पति पर जानलेवा हमला कर दिया।

​दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे पड़ोसी, मंजर देख उड़े होश

​कहासुनी के दौरान जब घर के अंदर से संजीव की चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं, तो पड़ोसी राहुल तिवारी, शुभम द्विवेदी और भोले तिवारी समेत कई ग्रामीण वहां पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन रन्नो देवी ने गेट खोलने से साफ मना कर दिया। संजीव की बढ़ती चीखों को सुनकर ग्रामीणों ने जबरन दरवाजा खुलवाया। अंदर का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई।

क्रूरता की हदें पार: आंगन में पड़ी चारपाई पर संजीव रस्सी से बंधा हुआ तड़प रहा था। उसके सिर से अत्यधिक खून बह रहा था। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उसके दाहिने पैर के अंगूठे और दाहिने हाथ की उंगली में बिजली के नंगे तार बंधे हुए थे। करंट लगने के कारण पैर का अंगूठा पूरी तरह काला पड़ चुका था और मौके पर खून से सना डंडा पड़ा था।

​सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, आरोपी पत्नी गिरफ्तार

​ग्रामीणों ने जैसे-तैसे संजीव को पत्नी के चंगुल से छुड़ाया। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना मिलते ही औंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायल संजीव को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भेजा, जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर हालत गंभीर होने के कारण कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

​पुलिस ने आरोपी पत्नी रन्नो देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button