Site icon YASHBHARAT.COM

निगमकर्मियों का आक्रोश बरकरार: न्याय की मांग लेकर फिर बांधी काली पट्टी, पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज अधिकारी-कर्मचारी,अधिवक्ताओं के आंदोलन में मारपीट, अभद्रता और निगम कार्यालय की घेराबंदी के लगाए थे आरोप, एसपी के नाम ज्ञापन देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर किया सांकेतिक प्रदर्शन

IMG 20261123 WA0027

निगमकर्मियों का आक्रोश बरकरार: न्याय की मांग लेकर फिर बांधी काली पट्टी, पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज अधिकारी-कर्मचारी,अधिवक्ताओं के आंदोलन में मारपीट, अभद्रता और निगम कार्यालय की घेराबंदी के लगाए थे आरोप, एसपी के नाम ज्ञापन देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर किया सांकेतिक प्रदर्श

कटनी। नगर निगम कार्यालय परिसर में 19 नवंबर को अधिवक्ता संघ के आंदोलन के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने आज पुनः काली पट्टी बांधकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि शासकीय कार्यालय में हुई कथित अभद्रता, मारपीट, तालाबंदी और धमकियों के मामले में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना बेहद निराशाजनक है।

गौरतलब है कि 19 नवंबर को नगर निगम कार्यालय परिसर में अधिवक्ता संघ के सैकड़ों सदस्यों द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर कार्यालय की घेराबंदी, गाली-गलौज, चौकीदार शीतल यादव के साथ मारपीट, महिला कर्मचारियों से अभद्रता और नगर निगम के दोनों मुख्य गेटों सहित केसीएस स्कूल के गेट पर ताला लगाए जाने के आरोप सामने आए थे। निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने इस पूरे घटनाक्रम को शासकीय कार्य में बाधा और कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया था।

 

एसपी के नाम ज्ञापन, फिर भी कार्रवाई का इंतजार

घटनाक्रम से आहत नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्व में एकजुट होकर कोतवाली थाना पहुंचे थे, जहां पुलिस अधीक्षक के नाम डीएसपी रत्नेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में पूरे घटनाक्रम की जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, दोषियों की गिरफ्तारी और कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई थी। साथ ही निगम कर्मचारियों ने घटनाक्रम से जुड़े वीडियो और फोटो को भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध होने की बात कही थी।

 

काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

निगमकर्मियों का आरोप है कि ज्ञापन सौंपे जाने के बाद भी आज दिनांक तक कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं हुई है। इसी से आहत होकर आज अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने हाथों में काली पट्टी बांधकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की। कर्मचारियों का कहना है कि यदि शासकीय कार्यालय में ड्यूटी कर रहे अधिकारी-कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार होता है और शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होती, तो उनकी सुरक्षा और सम्मान का सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है।

 

अब पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

नगर निगम कर्मचारियों का यह सांकेतिक प्रदर्शन प्रशासन के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। आखिर शासकीय कार्यालय में कथित मारपीट, तालाबंदी, अभद्रता और धमकियों की शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? कर्मचारियों की मांग है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

फिलहाल निगमकर्मियों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन उनकी शिकायत पर कब तक ठोस कदम उठाता है और कर्मचारियों को सुरक्षा एवं न्याय का भरोसा कब मिलता है।

Exit mobile version