इरकॉन के कार्यालय को घेर कर एलएंडटी के आंदोलनरत कर्मचारियों ने एजीएम को सुनाई खरी-खोटी

कटनी(YASH BHARAT.COM)। अपनी मांगों को लेकर पिछले 19 दिनों से आंदोलन कर रहे एलएंडटी और बीएसी कंपनी के श्रमिक आज झिंझरी स्थित इरकान के मुख्य कार्यालय पहुंचे। श्रमिकों ने कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को लेकर प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों के प्रतिनिधिमंडल ने एजीएम सुजीत कुमार से मुलाकात की। श्रमिकों ने दो-टूक शब्दों में अपनी समस्याएँ उनके सामने रखीं। जिसमें बकाया बोनस और पीएफ को लेकर श्रमिकों ने स्पष्ट किया कि 12 जनवरी से काम बंद होने के बावजूद अभी तक उन्हें बोनस और पीएफ की राशि नहीं मिली है। इसी तरह अधिकारियों की टालमटोल को लेकर उन्होंने शिकायत करते हुए कहा कि स्थानीय अधिकारी और ठेकेदार केवल आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके अलावा काम की सुरक्षा को लेकर श्रमिकों ने मांग की कि जब तक उनका पूरा भुगतान नहीं होता, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
मुलाकात के दौरान एजीएम सुजीत कुमार ने श्रमिकों की बात को गंभीरता से सुना। हालांकि, श्रमिकों का कहना है कि वे अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे, उन्हें उनके हक का पैसा जल्द से जल्द चाहिए।
गौरतलब है कि 1200 करोड़ से बढ़कर 1800 करोड़ की लागत तक पहुँच चुका यह ग्रेड सेपरेटर प्रोजेक्ट अब पूरी तरह से ठप पड़ गया है। 17 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर काम रुकने से रेलवे को भी भारी नुकसान की आशंका है। यदि इरकान और एलएंडटी के बीच जल्द तालमेल नहीं बैठा, तो यह विवाद और लंबा खिंच सकता है।








