सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी: भारत में घटिया खाद्य उत्पादों और दोहरे रवैये पर जताई चिंता, पैकेट पर अनिवार्य हो ‘फ्रंट-ऑफ-पैक’ लेबलिंग
नई दिल्ली: भारत में बिक रहे पैकेज्ड खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग लेबलिंग को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने कहा कि कई कंपनियां पश्चिमी देशों की तुलना में भारत में कम गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद बेच रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। अदालत ने पैकेटबंद खाने के सामानों पर ‘फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग’ अनिवार्य करने का निर्देश दिया है ताकि ग्राहकों को पैकेट के भीतर मौजूद तत्वों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
कंपनियों के दोहरे रवैये पर सवाल
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारत में काम करने वाली कई मल्टीनेशनल फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) दोहरा व्यवहार अपना रही हैं। अदालत के मुताबिक, ये कंपनियां दूसरे देशों में स्वेच्छा से न्यूट्रिशन लेबलिंग लागू करती हैं, लेकिन भारत में ऐसे नियमों का विरोध करती हैं। बेंच ने स्पष्ट किया कि भारतीय ग्राहकों को भी अमेरिका या ब्रिटेन के नागरिकों की तरह सुरक्षा और सही जानकारी पाने का अधिकार है, इसलिए कंपनियों को सभी देशों में एक समान मानक अपनाना चाहिए।
चेतावनी लेबल और FSSAI को प्रमुख निर्देश
यह आदेश 3S and Our Health Society द्वारा दायर जनहित याचिका पर आया है। अदालत ने पैकेजिंग और नियामक मानकों को लेकर ये अहम निर्देश दिए:
अधिक फैट, शुगर और नमक वाले उत्पादों के लिए अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाए जाएं, जिनका आकार षट्कोण (Hexagon) हो।
प्रत्येक लेबल पर अतिरिक्त पदार्थ की तस्वीर के साथ ‘हाई फैट’, ‘हाई शुगर’ या ‘हाई सॉल्ट’ स्पष्ट रूप से लिखा हो और चित्र व फॉन्ट इतने बड़े हों कि ग्राहक आसानी से पढ़ सकें।
एक ही षट्कोण लेबल में कई चीजें एक साथ न दिखाई जाएं; हर तत्व के लिए अलग लेबल अनिवार्य हो।
एडेड शुगर या एडेड फैट के बजाय टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाकर सीमा तय करने का निर्देश FSSAI को दिया गया है, साथ ही लेबल फटीग (लगातार लेबल देखकर ऊब जाना) की समस्या पर भी ध्यान देने को कहा गया है।













