पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्दे
कटनी, 13 अक्टूबर। आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण और समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की शिकायतें गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य प्रकरणों में दूरभाष के माध्यम से अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाने और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनसुनवाई में पारिवारिक एवं पड़ोस संबंधी विवाद, दस्तावेजों का दुरुपयोग कर ऋण लेने से जुड़ी धोखाधड़ी, पैसों के लेन-देन के विवाद, मकान-दुकान पर अवैध कब्जे, महिला द्वारा ब्लैकमेलिंग, वित्तीय धोखाधड़ी, प्लॉट एवं भूमि विवाद, महिला अपराध तथा पुलिस द्वारा शिकायत पर सुनवाई नहीं किए जाने जैसी समस्याएं सामने आईं।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्षता से जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए और आवेदकों को समय पर राहत दिलाई जाए। उन्होंने शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता और गंभीरता बरतने पर जोर दिया।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी तथा डीएसपी अनिमेष द्विवेदी उपस्थित रहे।











