राष्ट्रीय एकता दिवस पर कटनी में निकली 5 किलोमीटर की ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन,पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, पांच वर्गों में विजेताओं को किया सम्मानि
कटनी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कटनी पुलिस एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस कंट्रोल रूम से 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
मैराथन पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर माधवनगर गेट एवं विश्राम बाबा मार्ग से होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, पुलिस जवानों, खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
विभिन्न वर्गों में विजेताओं ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के खेल विभाग वर्ग में दिलराज ने प्रथम, विकास साहू ने द्वितीय तथा धर्मेंद्र कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल बालक वर्ग में साहिल चक्रवर्ती प्रथम, सत्यम प्रजापति द्वितीय एवं गौरव वर्मा तृतीय रहे। स्कूल बालिका वर्ग में स्वप्निल पाल ने प्रथम, रश्मि सिंह ने द्वितीय तथा चंद चौधरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पुलिस विभाग पुरुष वर्ग में राहुल कोल प्रथम, रितेश कोल द्वितीय एवं अनुराग गर्ग तृतीय रहे। वहीं पुलिस विभाग महिला वर्ग में साक्षी लोधी ने प्रथम, जयंती के ने द्वितीय तथा अर्चना सिंह जादौन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय एकता की दिलाई शपथ
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आंतरिक सुरक्षा तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, आपसी भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली एवं खेल गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक अनिमेष द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र यादव, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत सहित खेल विभाग के वीरेंद्र पांडे, दिनेश कनौजिया, देवी प्रसाद मरावी, श्रद्धा पांडे, चेतना झा, उमा चडार एवं रेखा सहित पुलिस और खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।











