MP IPS महकमे में हलचल: सागर के पूर्व SP अनुराग सुजानिया ने दिया इस्तीफा, PHQ में शाम 6 बजे CM मोहन यादव लेंगे आपात बैठ
भोपाल / सागर -मध्य प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया जब भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी और हाल ही में सागर एसपी पद से स्थानांतरित किए गए अनुराग सुजानिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आईपीएस अधिकारी ने अपना त्यागपत्र कल शासन को सौंप दिया था। इस्तीफे के पीछे प्राथमिक वजह ‘व्यक्तिगत कारण’ बताई जा रही है।
हाल ही में हुआ था तबादला
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया का हाल ही में सागर एसपी पद से पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर स्थानांतरण किया गया था। इससे पहले वे मंदसौर, टीकमगढ़ और मुरैना जिलों में भी बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
शाम 6 बजे PHQ पहुंच रहे हैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
इस घटनाक्रम के तुरंत बाद भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 6 बजे अचानक पुलिस मुख्यालय पहुंच रहे हैं।
आपात बैठक: मुख्यमंत्री PHQ में राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ एक बड़ी और समीक्षा बैठक करेंगे।
अनिवार्य उपस्थिति: स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पीएचक्यू में पदस्थ सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मुख्यालय में ही मौजूद रहने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
आईपीएस कैडर में चर्चाओं का बाजार गर्म
एक तेजतर्रार आईपीएस अफसर के अचानक इस्तीफे और उसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री के पुलिस मुख्यालय में हाई-लेवल बैठक बुलाने को लेकर गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इस्तीफे की आधिकारिक स्वीकृति और बैठक के मुख्य एजेंडे को लेकर प्रशासनिक बयान आना अभी बाकी है।

