कटनी पुलिस का विशेष सुरक्षा अभियान जारी, एसपी ने देर रात शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण, सघन वाहन चेकिंग, फ्रिस्किंग और शैडो एरिया में विशेष निगरानी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों व संदिग्धों पर कार्रवाई

कटनी पुलिस का विशेष सुरक्षा अभियान जारी, एसपी ने देर रात शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण, सघन वाहन चेकिंग, फ्रिस्किंग और शैडो एरिया में विशेष निगरानी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों व संदिग्धों पर कार्रवा
कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शैडो एरिया, संवेदनशील स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा स्वयं देर शाम शहर के मिशन चौक, मुड़वारा रेलवे स्टेशन, इंदिरा नगर तिराहा सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचे और पुलिस की व्यवस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने वाहन चेकिंग, पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करते रहे।
विशेष अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, भीड़भाड़ वाले स्थानों और अपराध संभावित क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया तथा आवश्यकतानुसार उनकी फ्रिस्किंग भी की गई। पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी चालानी कार्रवाई करते हुए नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में रात्रिकालीन गश्त, शैडो एरिया चेकिंग, वाहन जांच और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके तथा आमजन में सुरक्षा का वातावरण और अधिक मजबूत हो।








