सोनिया गांधी का X पर भी डेब्यू: वीडियो शेयर कर बोलीं-“राजीव बेहद गुड लुकिंग थे, कैम्ब्रिज के रेस्तरां में शुरू हुई थी प्रेम-कहानी”
नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम के बाद अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर भी कदम रख दिया है। एक्स पर अपने पहले ही पोस्ट में सोनिया गांधी ने अपनी आने वाली बहुचर्चित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) के बारे में एक भावुक वीडियो संदेश साझा किया है। यह किताब 10 नवंबर को रिलीज होने जा रही है।
“कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्तरां से शुरू हुई थी प्यार की यात्रा”
एक्स पर शेयर किए गए वीडियो के साथ सोनिया गांधी ने लिखा, “कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरी प्रेम-यात्रा शुरू हुई। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को, मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा कर रही हूं।”
वीडियो में सोनिया गांधी ने अपने दिवंगत पति और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ बिताए खूबसूरत पलों को याद किया है। इसमें उनकी पुरानी दुर्लभ तस्वीरें भी दिखाई गई हैं।
पहली ही मुलाकात में भा गए थे राजीव
राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात का किस्सा सुनाते हुए सोनिया गांधी ने कहा, “इंग्लैंड में उन दिनों खाना बहुत खराब होता था और अच्छे इटैलियन खाने की तलाश में मैं एक ग्रीक रेस्तरां पहुंची, जहां भारतीय और यूरोपीय छात्र आते थे। वहीं एक कॉमन फ्रेंड ने मेरा परिचय राजीव से कराया।”
उन्होंने आगे कहा, “जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो मुझे तुरंत महसूस हो गया कि वह ऐसे इंसान हैं जिनके साथ रहना मुझे बहुत पसंद आएगा। वह दिखने में बेहद ‘गुड लुकिंग’ (सौम्य और सुंदर) थे ही, लेकिन उनके स्वभाव की सौम्यता ने मुझे गहराई से प्रभावित किया। हम वैलेंटाइन पार्टी में साथ गए, दोस्त बने और साथ घूमने लगे। उस पहली मुलाकात को मैं कभी नहीं भूल सकती।”
10 नवंबर को आएगी आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’
79 वर्षीय कांग्रेस दिग्गज नेता सोनिया गांधी की यह आत्मकथा 10 नवंबर को पाठकों के सामने होगी। कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने इस किताब में इटली में बिताए अपने बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी के साथ अपने प्रेम संबंधों, और जीवन के सबसे कठिन दौर—पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी की हत्याओं के दौर के संस्मरणों को पिरोया है। राजीव बेहद गुड लुकिंग थे












