‘बेटा मुझे गोली लग गई, जल्दी आओ…’: बेरछा रेंज में अज्ञात विस्फोटक की चपेट में आया ग्रामीण, पीठ छलनी; इंदौर MY अस्पताल रेफर
यशभारत वेब डेस्क (महू): इंदौर जिले के महू स्थित बेरछा रेंज के जंगलों में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जंगल में लकड़ी बीनने गए 55 वर्षीय एक ग्रामीण की अचानक वहां पड़े अज्ञात विस्फोटक (बम) की चपेट में आने से हालत गंभीर हो गई। धमाके की चपेट में आने से ग्रामीण की पीठ पर गहरे घाव आए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए इंदौर के एमवाय (MY) अस्पताल रेफर कर दिया है।
फोन पर बेटे से बोला- ‘मुझे गोली लग गई है, जल्दी आओ’
मिली जानकारी के अनुसार, कैलोद कुटी निवासी हजारीलाल गिरवाल (55) सोमवार सुबह रोजाना की तरह बेरछा रेंज के जंगल में सूखी लकड़ियां एकत्र करने गए थे। दोपहर करीब 1 बजे अचानक हुए तेज धमाके में वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। घबराहट में हजारीलाल ने तुरंत अपने बेटे आकाश को फोन मिलाया और कहा कि उन्हें जंगल में गोली लग गई है।
पीठ पर मिले छर्रों के गंभीर निशान
पिता का फोन आते ही बेटा आकाश गांव के अन्य लोगों के साथ बदहवास हालत में जंगल की ओर दौड़ा। मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने देखा कि हजारीलाल की पीठ पर बम के छर्रों से गंभीर चोटें आई थीं। ग्रामीण उन्हें तत्काल महू के मध्यभारत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें तुरंत इंदौर एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया।
फायरिंग रेंज के अप्रयुक्त बम की आशंका
उल्लेखनीय है कि महू में सैन्य प्रशिक्षण केंद्र और फायरिंग रेंज होने के कारण बेरछा रेंज के आसपास अक्सर सैन्य अभ्यास होता है। आशंका जताई जा रही है कि जंगल में पड़ा कोई अप्रयुक्त शेल या विस्फोटक हजारीलाल की चपेट में आ गया होगा। फिलहाल स्थानीय पुलिस प्रशासन मामले की जांच और स्थिति का जायजा लेने में जुट गया है।

