Site icon Yashbharat.com

भव्य दुर्गा पंडालों में हुई शक्ति स्वरूपा मां जगत जननी की स्थापना आज से माता के दर्शनार्थ उमड़ेगा जनसैलाब, रतजगा करेंगी शहर की सड़के

IMG20241008211816 scaled

भव्य दुर्गा पंडालों में हुई शक्ति स्वरूपा मां जगत जननी की स्थापना
आज से माता के दर्शनार्थ उमड़ेगा जनसैलाब, रतजगा करेंगी शहर की सड़क
कटनी। शहर में भव्य पूजा पंडालों में दुर्गा पूजा की तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं तथा पूरा शहर माता की भक्ति में डूब गया है। आज बुधवार को सप्तमी को पट खुलने के साथ ही जहां एक ओर माता को जल चढ़ाने का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा तो वहीं आज शाम से मां के दर्शन के लिए पूजा पंडालों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ेगा। हर बार की तरह इस बार भी शहर में दुर्गा पूजा को लेकर उल्लास का माहौल है। जगह-जगह भव्य पंडालों सहित रंग बिरंगी रोशनी की सजावट और मेले की तैयारी में पूजा समितियां तथा श्रद्धालु रात दिन लगे हुए हैं। हर ओर लाउडस्पीकर पर मां की भजनों की मधुर गूंज ने वातावरण को भक्ति के रंग से सराबोर कर दिया है। परंपरा के अनुसार सप्तमी को प्रतिमाओं के पट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाते है। इसी दिन से पूजा पंडालों में मां दुर्गा की पूजा अर्चना के साथ ही शुरू हो जाता है दुर्गोत्सव का भव्य मेला। जिसकी उमंग अष्टमी और नवमी की रात्रि से लेकर विजयादशमी को प्रतिमा विसर्जन के दिन तक देखने को मिलती है। जिसे देखने आसपास के गांवों से लोग निकल कर पूजा पंडालों तक पहुंचते हैं। जिला मुख्यालय में भव्य पूजा पंडाल अपनी छटा बिखेरने लगे हैं। पुराना कन्या महाविघालय परिसर, केसीएस स्कूल, सुभाष चौक सहित शहर के कई स्थानों पर भव्य पूजा पंडाल बनाये गए हैं जो श्रद्धालुओं के आकर्षण के केन्द्र रहेंगे।

पुलिस व प्रशासन की रहेगी कड़ी नजर
दुर्गोत्सव को शांति पूर्ण ढंग से पूर्ण कराने को लेकर पुलिस व प्रशासन ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। विभिन्न पूजा स्थानों के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गयी है। इसके अलावा पुलिस तथा होमगार्ड के जवानों की भी प्रतिनियुक्ति विभिन्न स्थानों के लिए कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने जिले के थानों के थाना प्रभाििरयों को क्षेत्र में निरंतर गश्त करने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया है।


जालपा मढिय़ा में उमड़ रहे श्रद्धालु
नवरात्र में जालपा वार्ड स्थित शहर की प्रसिद्ध जालपा मढिय़ा में पूजा अर्चना को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जालपा मढिय़ा में दूर दराज से श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए आ रहे हैं। असाध्य बाधाओं के शमन करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं का केंद्र बिंदू है। ऐसी मान्यता है कि जालपा माता का दर्शन कर लेने मात्र से श्रद्धालुओं के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं।

Exit mobile version