कटनी में भीषण गर्मी का कहर, पारा 43 डिग्री तक पहुंचा,दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा; हीटवेव से जनजीवन प्रभावित
Heat Stress
कटनी में भीषण गर्मी का कहर, पारा 43 डिग्री तक पहुंचा,दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा; हीटवेव से जनजीवन प्रभावित। कटनी जिले में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अप्रैल महीने में ही तापमान मई-जून जैसी गर्मी का अहसास करा रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
शनिवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम में पिछले सप्ताह हल्का बदलाव देखने को मिला था, लेकिन अब फिर से तेज धूप और हीटवेव का असर बढ़ गया है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत की संभावना कम है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।