सेवा संकल्प अभियान: 240 छात्राओं ने बनाए हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड,विकसित भारत, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण और ऊर्जा संरक्षण जैसे विषयों पर दिए जागरूकता के संदे
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में मंगलवार को उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड निर्माण गतिविधि आयोजित की गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित इस रचनात्मक गतिविधि में 240 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक, राष्ट्रीय एवं पर्यावरणीय विषयों पर आकर्षक कार्ड तैयार किए।
गतिविधि का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। छात्राओं ने विकसित भारत, नशामुक्त भारत, डिजिटल भारत, महिला सशक्तिकरण, भारतीय लोक संस्कृति और ऊर्जा संरक्षण जैसे विषयों पर रंगों, चित्रों एवं प्रेरणादायक संदेशों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए आर्थिक प्रगति के साथ शिक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों की भी आवश्यकता है। उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका, डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग, महिला सशक्तिकरण तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही ऊर्जा संरक्षण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए छात्राओं से अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सामाजिक सरोकारों को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने का अवसर मिला। गतिविधि ने छात्राओं में संदेश लेखन, कलात्मक कौशल, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह गतिविधि सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक सार्थक पहल रही।

