katniमध्यप्रदेश

बहोरीबंद में बिजली बिल वसूली के दौरान हंगामा, टीम से हाथापाई; पांच साल का बकाया बना विवाद का कारण

बहोरीबंद में बिजली बिल वसूली के दौरान हंगामा, टीम से हाथापाई; पांच साल का बकाया बना विवाद का कार

कटनी/बहोरीबंद — जिले की बहोरीबंद विधानसभा के ग्राम तिलहरी में रविवार को बिजली बिल वसूली के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। मध्य प्रदेश शासन की ‘समाधान योजना’ के तहत उपभोक्ताओं को राहत देने और बकाया बिलों की आसान अदायगी के लिए चलाए जा रहे प्रचार-प्रसार अभियानों के बावजूद, विद्युत कंपनी की टीम को यहां उपभोक्ताओं के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। सोमवार को इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

विद्युत विभाग द्वारा हाल ही में क्षेत्र में जागरूकता रैलियां आयोजित की गई थीं, जिनका उद्देश्य उपभोक्ताओं को योजना के लाभ बताते हुए बकाया बिल समय पर जमा करने के लिए प्रेरित करना था। लेकिन जब वसूली टीम ग्राम तिलहरी पहुंची, तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई। ग्रामीणों ने टीम को घेरकर गाली-गलौज की, धक्का-मुक्की और हाथापाई तक की नौबत आ गई।

उपभोक्ता पर था 5 साल का बकाया बिल
घटना की पुष्टि सहायक अभियंता अभिषेक गिरवाल ने की। उनके अनुसार, विभागीय टीम के साथ कोमल काछी, नरेश काछी और नरेंद्र काछी नाम के उपभोक्ताओं ने अभद्रता की। इन तीनों पर वर्ष 2020 से कुल 7,125 रुपए का बकाया था, जिसे बार-बार नोटिस देने के बाद भी जमा नहीं किया गया। नियमानुसार वसूली के लिए पहुंची टीम के साथ न सिर्फ दुर्व्यवहार हुआ, बल्कि हाथापाई भी की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि बकाया वसूली की कार्रवाई नियमों के तहत जारी रहेगी और किसी भी प्रकार के अवैध विरोध या दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि