डिंडौरी स्वास्थ्य विभाग में ₹60 लाख से अधिक का घोटाला, EOW ने डाला डेरा; जांच तेज
डिंडौरी: आदिवासी बहुल डिंडौरी जिले के स्वास्थ्य विभाग में हुए ₹60.65 लाख से अधिक के वित्तीय घोटाले की परतें उधड़ने लगी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईओडब्ल्यू (EOW) जबलपुर की टीम ने जिला मुख्यालय में दो दिनों से डेरा डाल दिया है और गहन जांच शुरू कर दी है।
2017 से 2024 के बीच हुआ फर्जीवाड़ा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय डिंडौरी में वर्ष 2017 से 2024 के बीच ₹60,65,590 का संदिग्ध भुगतान और भारी वित्तीय अनियमितताएं की गई थीं। इस गड़बड़ी का खुलासा तब हुआ जब आयुक्त कोष एवं लेखा भोपाल द्वारा नवंबर 2025 में संदिग्ध भुगतानों की सूची डिंडौरी कलेक्टर को भेजी गई।
कलेक्टर की कार्रवाई के बाद EOW की एंट्री
मामला सामने आने के बाद कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया द्वारा गठित जांच टीम ने आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद कलेक्टर ने तत्कालीन सीएमएचओ को नोटिस जारी करने के साथ ही दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। अब प्रशासनिक कार्रवाई के बाद EOW की टीम रिकॉर्ड खंगालने और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ में जुट गई है।













