शाजापुर में ट्रेन हादसा: मक्सी-पीर उमरोद के पास गोवा एक्सप्रेस ने ट्राली को मारी टक्कर, रेलकर्मी की मौत
शाजापुर: पश्चिम रेलवे जोन के रतलाम मंडल अंतर्गत मक्सी-पीर उमरोद के पास ग्राम झोंकर रेलवे फाटक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक ट्रेन हादसा हो गया। ट्रैक मेंटेनेंस का काम कर रही एक ‘स्थाई मार्ग निरीक्षक ट्राली’ को डायवर्टेड गोवा एक्सप्रेस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक रेलकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में एक की मौत, एक गंभीर घायल
मिली जानकारी के अनुसार, बेरछा रेलवे स्टेशन से लगभग 14 किलोमीटर दूर ट्रैक सुधार का काम चल रहा था। इसी दौरान मक्सी की ओर से आ रही गोवा एक्सप्रेस ने ट्राली को अपनी चपेट में ले लिया। बलियासोन (जिला शाजापुर) निवासी ट्रैक सुधारक भगवानसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बलियासोन निवासी कर्मचारी दिलीप जायसवाल का पैर कट जाने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
आधे घंटे प्रभावित रहा रेल यातायात
हादसे के तुरंत बाद करीब आधे घंटे तक रूट पर रेल यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ट्रैक को फिर से सुचारू कराया।
रेलवे प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है कि ट्राली को ट्रैक पर कार्य करते समय आ रही ट्रेन का सिग्नल या अलर्ट क्यों नहीं मिल सका।













