केरल से भारत भ्रमण पर निकलीं ‘सायनी द राइडर’ पहुँचीं कटनी, नशामुक्ति का दिया संदेश

केरल से भारत भ्रमण पर निकलीं ‘सायनी द राइडर’ पहुँचीं कटनी, नशामुक्ति का दिया संदे
कटनी। नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के तहत केरल से बाइक द्वारा पूरे भारत की यात्रा कर लोगों को जागरूक कर रहीं सायनी द राइडर सोमवार को कटनी पहुँचीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने सायनी के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का उनका यह प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता और जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
इस अवसर पर सायनी ने युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए अनोखे अंदाज में इसकी तुलना बाइक से की। उन्होंने कहा कि जैसे बाइक का एक्सीलरेटर बढ़ाने पर उसकी रफ्तार तेज हो जाती है, उसी प्रकार नशा करने के बाद व्यक्ति का शरीर और मस्तिष्क अनियंत्रित हो जाते हैं। वहीं, जिस तरह सुरक्षित यात्रा के लिए बाइक में ब्रेक का होना आवश्यक है, उसी प्रकार जीवन में संयम, विवेक और आत्मनियंत्रण जरूरी हैं। नशा व्यक्ति से यही नियंत्रण और संतुलन छीन लेता है, जिससे उसका जीवन विनाश की ओर बढ़ने लगता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कटनी पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।








