Satna Nagar Nigam Engineer Missing: सतना नगर निगम का इंजीनियर लापता, मोबाइल भी बंद । नगर पालिक निगम सतना में पदस्थ इंजीनियर राजेश गुप्ता रविवार की दोपहर से लापता हो गए हैं। उनके दोनों मोबाइल फोन बंद हैं और स्कूटी का भी पता नहीं है। हर संभावित जगह पता लगाने के बाद रविवार शाम उनकी पत्नी गुमशुदगी की शिकायत लेकर सिविल लाइन थाना पहुंचीं।
बताया जा रहा है कि नगर निगम के इंजीनियर राजेश गुप्ता कि ड्यूटी शनिवार से शुरू हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा में लगी थी। रविवार की सुबह वे इसी सिलसिले में घर से स्कूटी लेकर शहर के नई बस्ती तरफ गए थे। वहां उन्हें कुछ निर्माण और प्रस्तावित कार्य देखने थे।
दोपहर साढ़े 12 बजे तक वे निगम के अन्य कर्मचारियों के ही साथ थे, वहां से लौट कर आफिस भी आए लेकिन उसके बाद राजेश कहीं चले गए। तब से उनका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया है। शाम को वापस घर न आने पर पत्नी ने उनके नंबरों पर काल किया लेकिन दोनों मोबाइल बंद थे।
उन्होंने अन्य संभावित स्थानों पर तमाम लोगों से संपर्क किया लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। नतीजतन तमाम आशंकाओं के बीच पत्नी देर शाम शिकायत लेकर थाना पहुंचीं। टीआई सिविल लाइन योगेंद्र सिंह बताया कि इंजीनियर राजेश गुप्ता के लापता होने की शिकायत आई है। जांच और तलाश शुरू कर दी गई है।

