कटनी। जिले के बहोरीबंद जनपद अंतर्गत सिहुड़ी ग्राम पंचायत में मंगल भवन के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का विरोध करने पर सरपंच रामकृष्ण लोधी पर ग्रामीण सुनमान लोधी के साथ गाली-गलौज और सरेराह चप्पलों से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
मंगल भवन निर्माण में मलबे के इस्तेमाल पर उठाए सवाल
जानकारी के अनुसार, सिहुड़ी ग्राम पंचायत में मंगल भवन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण में एक स्कूल के गिरे हुए भवन का मलबा इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी बात को लेकर गांव के सुनमान लोधी ने आपत्ति जताई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। आरोप है कि इससे नाराज होकर सरपंच रामकृष्ण लोधी ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज की और फिर सार्वजनिक रूप से चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी।
शुरुआत में थाने नहीं पहुंचा पीड़ित
घटना के बाद पीड़ित सुनमान लोधी ने शुरुआत में पुलिस से शिकायत नहीं की। बताया जा रहा है कि सरपंच के बड़े भाई और भाजपा नेता शंकर महतो सहित अन्य लोगों के आग्रह पर उसने उस समय थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई। हालांकि, घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
निर्माण कार्य की जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने ग्राम पंचायत में बनाए जा रहे मंगल भवन के निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उसका कहना है कि निर्माण में यदि घटिया सामग्री या पुराने भवन के मलबे का अनियमित तरीके से इस्तेमाल किया गया है, तो इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। पंचायत के निर्माण कार्यों में सरकारी राशि के उपयोग और गुणवत्ता की जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो के आधार पर जांच कर रही पुलिस
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि मारपीट का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। बहोरीबंद थाने में संबंधित पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद पुलिस वीडियो के आधार पर अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।













