संजीव अवस्थी (माइकल भैया) का निधन मेरे लिए गहरी रिक्तता, विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने प्रकट की शोक संवेदनाएं

कटनी(YASHBHARAT.COM)। बुलंद और मधुर आवाज के धनी कटनी के प्रसिद्ध गायक एवं जनप्रिय व्यक्तित्व संजीव अवस्थी (माइकल भैया) के निधन पर पूर्वमंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने भी गहन दुख व्यक्त करते हुए अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की हैं। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट करते हुए विधायक श्रीपाठक ने कहा है कि मेरे अत्यंत प्रिय, प्रभावशाली आवाज के धनी, उत्कृष्ट आयोजक और कटनी के बेहद बिंदास कलाकार संजीव अवस्थी (माइकल भैया) का देवलोकगमन अत्यंत हृदय विदारक है। श्रीपाठक ने कहा कि उनका जाना न केवल कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है बल्कि मेरे लिए भी यह एक गहरी व्यक्तिगत रिक्तता है। उनकी बुलंद आवाज और उनका आत्मीय स्वभाव हमेशा हमारी स्मृतियों में जीवित रहेगा। मैं हमेशा माइकल जी के परिवार के साथ खड़ा हूं तथा परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में सर्वोच्च स्थान दें और परिजनों व उनके असंख्य चाहने वालों को यह दुख सहन करने का संबल प्रदान करें। गौरतलब है कि शहर के आर्केस्ट्रा जगत में माइकल भैया के नाम से मशहूर संजीव अवस्थी का कल 17 मार्च मंगलवार की सायं लगभग 7 बजे के लगभग बीमारी के चलते आकस्मिक निधन हो गया था। वे केवल एक गायक ही नहीं बल्कि शहर की पहचान और भावनाओं की आवाज थे। उनकी गायकी में जो आत्माए संवेदना और ऊर्जा थी, वह सीधे लोगों के दिलों को छूती थी। उनका इस प्रकार असमय जाना पूरे शहर के लिए अपूरणीय क्षति है। यशभारत डॉट काम परिवार भी अवस्थी परिवार पर आई इस दुखद घड़ी में उनके साथ है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। दिवंगत संजीव अवस्थी की अंतिम यात्रा आज 18 मार्च बुधवार की प्रात: आदर्श कॉलोनी स्थित उनके निवास से निकाली गई और नदी पार स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में परिवार के लोगों सहित शहर के गणमान्य नागरिक व उनके शुभ चिंतक उपस्थित थे। सभी ने नम आंखों से माइकल भैया को विदाई दी।

Exit mobile version