सायना के सितारों ने किया कमाल: क्लस्टर में जीता गोल्ड,सी बी एस ई क्लस्टर-12 एथलीट में सायना बना चैंम्पियन,अंडर -14 आयुवर्ग के बच्चों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्श
कटनी, सायना इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेल के मैदान में भी अपना दमखम दिखाते हैं। भोपाल के श्री भवन पब्लिक स्कूल में आयोजित अंडर-14 सी बी एस ई क्लस्टर-12 एथलीट में सायना के बच्चों ने सायना के क्रीड़ा विभागाध्यक्ष दीपक बलयानी के मार्गदर्शन में अपनी प्रतिभा,अदम्य उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन का शानदार संगम प्रस्तुत करते हुए अंडर-14 वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप पर अपना कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में सायना के खिलाड़ियों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में जुनून, अनुशासन और जीत की अदम्य भावना का परिचय दिया। राहुल कुमार ने 600
मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया । वहीं आदर्श राज ने 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ में अपनी तेज रफ्तार और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। संजीत कुमार ने गोला फेंक प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक तथा तवा फेंक प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की पदक तालिका को और मजबूत किया।
4×100 मीटर रिले में आदर्श राज, पार्थ सिंह, राहुल कुमार एवं संजीत कुमार की टीम ने शानदार तालमेल, गति और टीम भावना का परिचय देते हुए रजत पदक एवं द्वितीय स्थान हासिल किया।इन शानदार व्यक्तिगत एवं सामूहिक उपलब्धियों के दम पर सायना इंटरनेशनल स्कूल ने अंडर-14ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। सायना की चेयरपर्सन डॉ.निधि पाठक, पूर्व मंत्री एवं विधायक माननीय संजय सत्येन्द्र पाठक, प्रधानाचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की
कठोर मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। साथ ही उन्होंने कोच दीपक बलयानी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की । आपने उन्हें इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि वर्तमान में सायना इंटरनेशनल सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों राहुल, आदर्श एवं संजीत का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, लगन एवं अथक परिश्रम का गौरवपूर्ण परिणाम
है।

