मध्यप्रदेश पुलिस का “सेफ क्लिक 2.0” अभियान,कैल्डेरिस फैक्ट्री में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, सतर्कता ही साइबर अपराधियों के खिलाफ मजबूत सुरक्षा कवच

मध्यप्रदेश पुलिस का “सेफ क्लिक 2.0” अभियान,कैल्डेरिस फैक्ट्री में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, सतर्कता ही साइबर अपराधियों के खिलाफ मजबूत सुरक्षा कव
कटनी -कैल्डेरिस समूह के कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने डिजिटल ठगी से बचाव के प्रभावी उपाय बताए एवं सतर्क रहने की अपील की हैँ मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के चौथे दिवस आज पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर नागरिकों को साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी देकर डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में कैल्डेरिस समूह में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें फैक्ट्री के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधी आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ लोगों की भावनाओं, भय,लालच तथा जल्दबाजी का फायदा उठाकर आर्थिक ठगी को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों के कर्मचारी भी साइबर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल, ई-मेल, लिंक अथवा मोबाइल एप पर बिना सत्यापन विश्वास नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कर्मचारियों से अपने मोबाइल, ई-मेल एवं सोशल मीडिया खातों के लिए मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करने तथा केवल अधिकृत वेबसाइट एवं मोबाइल एप के माध्यम से ही ऑनलाइन लेन-देन करने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वयं जागरूक रहने एवं अपने परिवार, सहकर्मियों तथा समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।इस दौरान सीएसपी नेहा पच्चीसिया, डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक, थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे उपस्थित रहे।








