सड़कें तो चलने के लिए हैं… पापा सब संभाल लेंगे- 220 की स्पीड से 3 को रौंदने के बाद अमीरज़ादे की अकड़ पर भड़का जनाक्रोश

car hadsa

सड़कें तो चलने के लिए हैं… पापा सब संभाल लेंगे- 220 की स्पीड से 3 को रौंदने के बाद अमीरज़ादे की अकड़ पर भड़का जनाक्रोश

यशभारत डॉट कॉम (कोच्चि ब्यूरो): केरलम के कोच्चि में शनिवार देर रात रफ्तार और अहंकार के जानलेवा कॉकटेल ने तीन निर्दोष युवाओं की जिंदगी छीन ली। नेदुंबस्सेरी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास करीब 220 किमी प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से दौड़ रही एक लग्जरी मिनी कूपर कार ने एक दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो युवतियों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आरोपी कार सवारों की संवेदनहीनता ने लोगों के गुस्से की आग में घी डालने का काम किया, जब मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल में आरोपी के साथी ने टशन दिखाते हुए कहा;सड़कें तो गाड़ी चलाने के लिए ही होती हैं… मेरे पापा सब संभाल लेंगे।

अस्पताल में गूंजा आक्रोश, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग

हादसे के बाद जब पुलिस 19 वर्षीय मुख्य आरोपी चालक सुहैल को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, तो उसके साथी निनव (19) ने लोगों के सामने अकड़ दिखाई। उसकी बात सुनते ही अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और स्थिति हंगामेदार हो गई। उग्र भीड़ से आरोपियों को बचाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने कार चला रहे सुहैल के साथ-साथ उसके टशन दिखाने वाले साथी निनव को भी हिरासत में ले लिया है।

देर रात चाय पीने निकले थे तीन साथी

नेदुम्बसेरी पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतक थ्रीक्काकारा स्थित एक क्राफ्ट शॉप में काम करते थे। वे देर रात काम खत्म करने के बाद हवाई अड्डे के पास एक चाय की दुकान पर जा रहे थे, तभी अथानी के पास रफ्तार से आ रही मिनी कूपर ने उनके स्कूटर को सामने से उड़ा दिया।

हादसे में जान गंवाने वाले:

  • गोपिका: निवासी पलक्कड़ (केरल)

  • देविका: निवासी वायनाड (केरल)

  • इजाज: निवासी कर्नाटक

टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और स्कूटर के परखच्चे उड़ गए।

220 km/hr की स्पीड और नशा

एर्नाकुलम ग्रामीण एसपी के. एस. सुदर्शन ने बताया कि घटना से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कार की स्पीडोमीटर में रफ्तार 220 किमी/घंटा नजर आ रही है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी युवक शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में थे। फॉरेंसिक टीम ने कार की जांच की है और चालक के ब्लड सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (BNS की संबंधित धाराओं) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है।