कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत खिरहनी ओवरब्रिज पर सोमवार को सड़क हादसा हो गया। दरअसल एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने चल रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ऑटो के ऊपर चढ़ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। घटना में ऑटो सवार कुंच लोगों के घायल होने की खबर है
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी हुई, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
हादसे में ऑटो में सवार कई लोगों के घायल होने की आशंका है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक खिरहनी ओवरब्रिज पर यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए तथा आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

