Latest

वक्फ संपत्तियों से अतिक्रमण हटाना ऐतिहासिक, ‘उम्मीद पोर्टल’ से बेनकाब हुए भू-माफिया: सीएम डॉ. मोहन यादव

वक्फ संपत्तियों से अतिक्रमण हटाना ऐतिहासिक, ‘उम्मीद पोर्टल’ से बेनकाब हुए भू-माफिया: सीएम डॉ. मोहन यादव

भोपाल/कटनी: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वक्फ सुधारों और विभिन्न नवाचारों के मामले में मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड आज पूरे देश में सबसे आगे है। प्रदेश में पारदर्शिता लागू करते हुए सभी वक्फ संपत्तियों को ऑनलाइन दर्ज किया गया है, जिसके लिए मध्यप्रदेश को भारत सरकार की ओर से प्रतिष्ठित ‘स्कॉच अवार्ड’ (Skoch Award) से नवाजा गया है। यह पारदर्शी व्यवस्था आज पूरे देश के लिए एक मिसाल बन चुकी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड के विशाल स्कॉलरशिप (छात्रवृत्ति) वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के 849 मेधावी बेटे-बेटियों को स्कॉलरशिप प्रदान कर सम्मानित किया।

रहीम-रसखान की संस्कृति और कैप्टन हमीद के शौर्य का स्मरण

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने देश की साझा संस्कृति और राष्ट्रवाद पर जोर देते हुए कहा कि हमारा देश रहीम और रसखान की समरसता और मेलजोल की संस्कृति में अटूट विश्वास रखता है। उन्होंने भारत-पाक युद्ध के परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन अब्दुल हमीद के साहस को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा के लिए पाकिस्तान के कई टैंक ध्वस्त कर दिए, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। इसके साथ ही उन्होंने देश के महान वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम का भी स्मरण किया।

सुशासन और पारदर्शिता: वक्फ माफियाओं पर कसा शिकंजा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वक्फ संपत्तियों के संरक्षण को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तारीफ की। उन्होंने कहा:

“प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लाए गए नए वक्फ कानूनों के माध्यम से देश में सुशासन और पारदर्शिता की नई व्यवस्था लागू हुई है। ‘उम्मीद पोर्टल’ के माध्यम से आज मध्यप्रदेश की सभी वक्फ संपत्तियां ऑनलाइन हैं, जिससे छुपकर मिलीभगत करने वाले और वक्फ माफिया बेनकाब हुए हैं। संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने का जो कार्य बोर्ड कर रहा है, वह बेहद सराहनीय है।”

सीएम ने घोषणा की कि भोपाल में बनने वाले नए वक्फ भवन और वक्फ के एक स्कूल की नई बिल्डिंग का नाम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम के नाम पर रखा जाएगा।

बेटे-बेटियों की पढ़ाई में सरकार देगी पूरा सहयोग

अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद मेधावी छात्र-छात्राएं शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करें, मध्यप्रदेश सरकार उनकी मेडिकल और उच्च शिक्षा तक की पढ़ाई में पूरा सहयोग करेगी।

मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कार्यक्रम में बताया कि ‘पढ़ो-पढ़ाओ और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो’ योजना के तहत आज विद्यार्थियों को सीधे लाभान्वित किया जा रहा है। बोर्ड के कड़े प्रबंधन के कारण औकाफ-ए-आम्मा के प्रयासों से स्कूल-कॉलेजों में बेटियों के ड्रॉप-आउट (पढ़ाई बीच में छोड़ना) को रोकने में बड़ी सफलता मिली है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के तहत वक्फ बोर्ड इस वर्ष अपनी संपत्तियों में 5 लाख पौधे रोपेगा।

कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड की सीईओ श्रीमती फरजाना गजाल, शहर काजी मुस्ताक अली नदमी, जिला अध्यक्ष असलम भाई सहित कई जनप्रतिनिधि, मजहबी रहनुमा और भारी संख्या में मुस्लिम छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘गंगा दशहरा’ की दीं शुभकामनाएं

एक अन्य संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी देश और प्रदेशवासियों को ‘गंगा दशहरा’ पर्व की हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा मैया सनातन संस्कृति की आत्मा और भारत की समृद्ध सभ्यता की जीवन-रेखा हैं। उन्होंने मां गंगा के चरणों में नमन करते हुए प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि