श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर महापौर ने नगर के प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण,श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, प्रकाश एवं सुगम आवागमन व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर महापौर ने नगर के प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण,श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, प्रकाश एवं सुगम आवागमन व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कटनी । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पर्व के दौरान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 03 सितंबर को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहर के प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
महापौर श्रीमती सूरी ने सत्यनारायण मंदिर, श्री गोविंद देव मंदिर तथा श्री महालक्ष्मी मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली तथा मौके पर आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
*श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता*
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। मंदिर परिसरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहती है। ऐसे में मंदिर परिसरों के साथ-साथ आने-जाने वाले मार्गों पर भी स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
*मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों का भी किया निरीक्षण*
महापौर श्रीमती सूरी ने मंदिरों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए सड़क पर मौजूद गड्ढों की आवश्यक मरम्मत समय रहते पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों तक पहुंचेंगे, ऐसे में आवागमन वाले मार्ग सुगम एवं सुरक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने सभी चिन्हित गड्ढों की मरम्मत प्राथमिकता के साथ कराने तथा पर्व से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश*
महापौर ने मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्व के दौरान व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे और जिन स्थानों पर अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता है, वहां समय रहते आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर ली जाए।
*पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुगम रखने अतिक्रमण दस्ता रहे सतर्क*
जन्माष्टमी पर्व के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने अतिक्रमण दस्ते को विशेष रूप से सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिरों के आसपास एवं प्रमुख आवागमन मार्गों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमणों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाने तथा मार्गों को आवागमन के लिए सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।साथ ही पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित अमले को निरंतर निगरानी रखने हेतु भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि केवल निरीक्षण तक सीमित न रहते हुए मौके पर चिन्हित आवश्यकताओं का तत्काल निराकरण किया जाए तथा पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
*आस्था के पर्व को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने निगम की तैयारी*
महापौर श्रीमती सूरी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शहरवासियों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम का दायित्व है कि पर्व के दौरान मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से निगम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें तथा जन्माष्टमी पर्व शहर में उत्साह, श्रद्धा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य बीना बैनर्जी, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, पूर्व पार्षद विजय डब्बू रजक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, मोना करेरा, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।








