Site icon Yashbharat.com

छपरवाह में बच्चा चोरी के प्रयास वाले विडियो को गंभीरता से ले रही पुलिस, एसपी के दिशा निर्देश पर रंगनाथ नगर पुलिस मामले की पड़ताल व बदमाशो की गिरफ्तारी के कर रही हरसंभव प्रयास

IMG 20261011 WA0089

कटनी(YASHBHARAT.COM)। रंगनाथ नगर थाना अंतर्गत उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह में बच्चा चोर गिरोह की सक्रियता का पता लगाते हुए बच्चा चोर गिरोह तक पहुंचने का हर संभव प्रयास कर रही है। सोशल मीडिया में घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के दिशा निर्देश और मार्गदर्शन में रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय और उनकी टीम घटनास्थल सहित उसके आसपास व देवरीहटाई मार्ग पर स्थित मकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस ने दो घटनाओं के चश्मदीद अंकित ठाकुर और पार्क के चौकीदार देशराज से पूछताछ के बाद समीपस्थ ग्राम हिरवारा से एक संदेही युवक को भी आज हिरासत में लिया है। हालांकि उस युवक का इन घटनाओं से कोई लेना देना है या नहीं अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की तह तक जाकर जांच की जा रही है, शीघ्र ही बदमाशो को गिरफ्तार कर पूरी घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। गौरतलब है कि छपरवाह देवरीहटाई मार्ग पर छपरवाह शासकीय माध्यमिक विद्यालय के बाजू से स्थित चौरसिया मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरो की एक फुटेज कुछ दिनों पूर्व सामने आई। जिसमें बिलगवां तिराहे पर स्कूटी सवार बदमाश एक छोटे से बच्चे का अपहरण करने का प्रयास कर रहे हैं और उसे जबरजस्ती पकड़ कर स्कूटी में बैठाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान बच्चों के शोर मचाने और रोने की आवाज सुनकर समीप ही पान गुटखा की दुकान चलाने वाला अंकित ठाकुर नामक युवक बच्चों की मदद करने दौड़ा तो एक बदमाश उसे भी मारने के लिए दौड़ा पहले तो अंकित पीछे हटा लेकिन बाद में उसने भी शोर मचाते हुए बदमाश का मुकाबला करते हुए बच्चे का अपहरण होने से बचा लिया। क्षेत्र के लोगों की माने तो इससे पहले भी बच्चों के अपहरण की कोशिश कर चुके हैं। बताया जाता है कि इसके पहले कुछ बदमाश छपरवाह हनुमान मंदिर के बाजू से स्थित पार्क से बच्चों के अपहरण की कोशिश कर चुके हैं। बताया जाता है कि यहां आटो में सवार होकर बदमाश आए और पार्क में खेल रहे कुछ बच्चों को जबरन ऑटो में बैठाने का प्रयास करने लगे। बच्चों के शोर मचाने पर पार्क का चौकीदार देशराज मदद के लिए दौड़ा तो बदमाश ऑटो लेकर भाग गए। इसके अलावा एक घटना में क्षेत्र वासियों ने बताया कि इसके पूर्व छपरवाह में ही खेती किसानी का काम करने वाले कुशवाहा परिवार के एक बालक को कुछ बदमाश कुछ नशीला पदार्थ सुंघाकर लेकर भागे लेकिन शोर मचाने पर उसे भी बीच में छोड़ कर भाग गए। बाद में वह बालक बेहोशी की हालत में परिजनों को मिला। क्षेत्रवासियों ने इन सभी घटनाओं का ध्यान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय की ओर आकर्षित कराते हुए दोपहर के समय गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सक्रिय बच्चा चोर गिरोह पर कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version