katniमध्यप्रदेश

दादा धाम वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों के साथ धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन,मुस्कान ड्रीम्स फाउंडेशन की महिला मंडल ने बुजुर्गों को बांधा रक्षा सूत्र, लिया आशीर्वाद

दादा धाम वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों के साथ धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन,मुस्कान ड्रीम्स फाउंडेशन की महिला मंडल ने बुजुर्गों को बांधा रक्षा सूत्र, लिया आशीर्वा

 

कटनी। मुस्कान ड्रीम्स फाउंडेशन द्वारा झिंझरी स्थित दादा धाम वृद्धा आश्रम में रक्षाबंधन महापर्व श्रद्धा, स्नेह और आत्मीयता के साथ धूमधाम से मनाया गया। संस्था की संस्थापिका एवं सचिव, अधिवक्ता व समाजसेवी मंजूषा गौतम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में संस्था के महिला मंडल ने आश्रम में निवासरत बुजुर्गों को रक्षा सूत्र बांधकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी मंजूषा गौतम रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रीता दुबे ने की। समाजसेवी विराट गौतम ने कार्यक्रम का संचालन किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने बुजुर्गों के सिर पर रुमाल रखकर तथा माथे पर रोली, हल्दी और कुमकुम का तिलक लगाकर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा। इसके बाद सभी बुजुर्गों को मिठाई खिलाई गई। बुजुर्गों ने भी भावुक होकर सभी बहनों को स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर समाजसेवी संगीता जायसवाल ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण और लोकप्रिय पर्व है, जो भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और आपसी विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पर्व की सार्थकता केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना में निहित है।

समाजसेवी मंजूषा गौतम ने कहा कि सावन का महीना भारतीय संस्कृति में विशेष धार्मिक महत्व रखता है और इसी पावन माह में रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाता है। रक्षाबंधन शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है—‘रक्षा’ अर्थात सुरक्षा और ‘बंधन’ अर्थात बांधना। इस प्रकार रक्षा सूत्र प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व हमें अपने रिश्तों के साथ-साथ समाज के बुजुर्गों और जरूरतमंदों के प्रति भी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के साथ पर्व मनाने का उद्देश्य उन्हें परिवार और अपनत्व का एहसास कराना है। समाजसेवी मंजूषा गौतम ने कहा कि मुस्कान ड्रीम्स फाउंडेशन जरूरतमंद, असहाय और बेसहारा लोगों की सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में मंजूषा गौतम ने सभी सहयोगियों, महिला मंडल की सदस्यों एवं आश्रम प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संगीता जायसवाल, रीता दुबे, पूजा लालवानी, काजल पंजवानी, रश्मि राय, क्रांति चौबे, विराट गौतम सहित महिला मंडल की सदस्य एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

समाजसेवा के क्षेत्र में मिसाल बन रही मंजूषा गौतम

मंजूषा गौतम द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों, असहायों और बेसहारा लोगों की सहायता के लिए निरंतर पहल की जा रही है। रक्षाबंधन जैसे पर्व को वृद्धा आश्रम के बुजुर्गों के साथ मनाकर संस्था ने सेवा, संवेदना और अपनत्व का संदेश दिया।

Back to top button