Latestराष्ट्रीय

राज्यसभा चुनाव 2026: 11 में से 9 सीटें NDA के खाते में, कांग्रेस और बीजद को 1-1 सीट हरियाणा में देर रात तक चली काउंटिंग, बिहार में महागठबंधन को झटका

नई दिल्ली। सोमवार को हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को बड़ी सफलता मिली। कुल 11 सीटों में से 9 पर एनडीए या उसके समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस और बीजू जनता दल (बीजद) को एक-एक सीट मिली।

राज्यवार परिणामों की बात करें तो बिहार की सभी पांच सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जिससे महागठबंधन को बड़ा झटका लगा। ओडिशा में चार सीटों पर चुनाव हुआ, जिनमें से तीन सीटें एनडीए समर्थित उम्मीदवारों के खाते में गईं, जबकि एक सीट बीजद ने जीती। हरियाणा की दो सीटों में से एक पर भाजपा और दूसरी पर कांग्रेस उम्मीदवार विजयी रहे।

हरियाणा में मतदान शाम 4 बजे समाप्त हो गया था, लेकिन दो कांग्रेस विधायकों के वोट को लेकर भाजपा ने आपत्ति दर्ज कराई, जिसके कारण मतगणना शुरू होने में करीब पांच घंटे की देरी हुई। रात 10 बजकर 25 मिनट पर काउंटिंग शुरू हुई और परिणाम आने में रात 1:30 बजे तक का समय लग गया। इस तरह मतदान से लेकर परिणाम तक पूरी प्रक्रिया लगभग 16 घंटे चली।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने 18 फरवरी को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की थी। इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे, क्योंकि उतनी ही संख्या में नामांकन दाखिल हुए थे। शेष 11 सीटों पर 16 मार्च को मतदान कराया गया।

Back to top button