राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता और युवाओं के प्रेरणास्रोत : कुंवर सौरभ सिं
कटनी। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती गुरुवार को प्लाजा मार्केट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत का निर्माता और युवाओं का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश सेवा के लिए समर्पित रहा। उनकी सोच में युवा शक्ति, आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक मूल्यों को विशेष स्थान प्राप्त था।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था। उन्होंने आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर और दूरसंचार के विस्तार को बढ़ावा दिया, जिससे भारत में तकनीकी विकास की मजबूत नींव तैयार हुई। साथ ही पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने, शिक्षा के क्षेत्र में सुधार तथा देश के प्रशासनिक एवं तकनीकी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, अजय जैसवानी, जीतू गुप्ता, रमाकांत दुबे, सुशील जायसवाल, महिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह, पार्षद आफताब चौखे, मॉसूफ बिट्टू, मंगल चौधरी, राकेश जैन, राजा जगवानी, शाम पाहूजा, मजीद खान, श्याम यादव, जालिम यादव सहित कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।