स्वच्छ सर्वेक्षण में जनभागीदारी को मिला नया आयाम- “राहगीरी डे” में दिया गया स्वच्छता का सशक्त संदेश,स्वास्थ्य, उत्साह और स्वच्छता जागरूकता का माध्यम बना राहगीरी ड
खुले आसमान के नीचे विभिन्न गतिविधियों का नागरिकों ने लिया आनंद,महापौर,जिला पंचायत सीईओ,निगमायुक्त सहित पार्षदों एवं आम नागरिकों की रही उत्साहपूर्ण मौजूदगी
कटनी – नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत रविवार को महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड के सामने मुख्य मार्ग पर आयोजित “राहगीरी डे” व्यापक जनसहभागिता के बीच स्वास्थ्य, उत्साह, मनोरंजन और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का प्रभावी मंच बनकर सामने आया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर के नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर, मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्व श्री सुभाष साहू,डॉ रमेश सोनी, उमेन्द्र अहिरवार, सुरेन्द्र गुप्ता, क्षेत्रीय पार्षद अवकाश जायसवाल, संजू जीवन चौधरी , पूर्व पार्षद रचना गुप्ता सहित नगर के विभिन्न चिकित्सकों, उद्योगपतियों, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, कटनी एक्सरसाइज ग्रुप, योगा ग्रुप सहित बच्चों, युवाओं, मीडिया कर्मियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक शहर के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग सत्र के साथ हुई, जिसमें अधिकारी कर्मचारी एवं जागरूक लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजगता दिखाई। इसके पश्चात साइकिलिंग,मुगदर प्रदर्शन, आत्मरक्षा शस्त्र प्रदर्शन,मैजिक शो,रस्सा खीच, स्केटिंग, म्यूजिकल चेयर, पेंटिंग, रंगोली, शतरंज, कैरम, सांप-सीढ़ी, रस्सी कूद, चम्मच-नींबू दौड़, बोरा दौड़ एवं लंगड़ी जैसे पारंपरिक और मनोरंजक खेलों ने आयोजन को जीवंत और आनंदमय बना दिया।वहीं इको ब्रिक्स स्टॉल एवं एसएसजी समूह द्वारा अनुपयोगी कपड़ों से निर्मित थैले के स्टॉल ने रीसायकल से सृजन की सीख दी।
रस्सा खीच में लोगों ने आजमाया दम
राहगीर डे में आयोजित रस्सा खीच गतिविधि में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और नगर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों,चिकित्सकों एवं उद्योगपतियों ने सहभागिता करते हुए अपनी ताकत आजमाई जिसमें महिला वर्ग ने बाजी मारी। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नगर के चिकित्सकों एवं उद्योगपतियों ने साइकिलिंग का भी लुत्फ लिया। उपस्थित बच्चों, युवाओं,महिलाओं एवं पुरुषों भी इस रोमांचक रस्सा खीच गतिविधि के सहभागी बने।
जुंबा ने दी ऊर्जा
राहगीरी डे में तेज संगीत की धुनों पर प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “फिटनेस के साथ स्वच्छता” का संदेश दिया। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बच्चों की सहभागिता ने आयोजन को ऊर्जावान बना दिया। जुंबा गतिविधि ने एक बार फिर नागरिकों का विशेष आकर्षण प्राप्त कर फिटनेस का संदेश दिया।
स्वच्छता जागरूकता गतिविधियों से मिला प्रेरक संदेश
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध एवं जल संरक्षण जैसे विषयों पर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन प्रयासों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाने का प्रयास किया गया, जिसकी उपस्थित जनसमुदाय ने सराहना की।
छत्तीसगढ़ी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान गीतांजलि कला केंद्र कटनी के प्रतिभागियों द्वारा छत्तीसगढ़ी मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी गई जिसकी उपस्थित जनों ने खुलकर सराहना की। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक कार्टून कैरेक्टर गोरिल्ला एवं खरगोश ने भी बच्चों सहित उपस्थित राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींचते हुए उन्हें अपने साथ सेल्फी लेने मजबूर कर दिया। वहीं मैजिक व म्यूजिक शो देखकर लोगों ने तालियां बजाई। कार्यक्रम में पारंपरिक खेलों सांप सीढ़ी, पिटटू में भाग लेकर नागरिकों ने बचपन की यादें ताजा कीं। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल मनोरंजक होते हैं,साथ ही समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं।
विजेता प्रतिभागी हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों,उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों एवं निगम के स्वच्छता मित्रों को महापौर श्रीमती सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।
नगर निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों, संस्थाओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ शहर में स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनसहभागिता की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।रविवार की यह सुबह स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामूहिक जागरूकता का संदेश देते हुए एक यादगार जन-उत्सव के रूप में शहरवासियों के मन में अपनी विशेष छाप छोड़ गई।

