कटनी। शहर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में नवनिर्मित शिव श्रीवास पंचायत मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा का तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। 25 फरवरी से शुरू हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह का समापन आज 27 फरवरी को भजन, कन्याभोज व भंडारे के साथ हुआ। इस संबंध में जिला सेन समाज के अध्यक्ष गोविंद सेन ने बताया कि पुरानी बस्ती स्थित शिव श्रीवास पंचायत मंदिर का जीर्णोद्वार कार्य कराया गया है। नवनिर्मित मंदिर में बीती 25 फरवरी से भगवान भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके तहत 25 फरवरी को भगवान भोलेनाथ की परिवार सहित प्रतिमा की शहर में शोभायात्रा निकाली गई। दूसरे दिन 26 फरवरी को अखंड रामायण पाठ शुरू हुई। वहीं 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में भगवान भोलेनाथ की परिवार सहित प्राण प्रतिष्ठा व अभिषेक मंदिर के पुजारी पंडित बल्लू पयासी व यज्ञाचार्य पंडित चंद्रभान पांडे द्धारा कराया गया। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन आज 27 फरवरी को भजन, कन्याभोज व भंडारे के साथ हुआ। समस्त सेन समाज व महिला एकता रामायण मंडल ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से मदद करने वालों का आभार प्रकट किया है।

