शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में 20 केवी सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए विद्युत क्रय अनुबंध संपन्न

शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में 20 केवी सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए विद्युत क्रय अनुबंध संपन्न
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी ने हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 20 केवी ग्रिड-कनेक्टेड रूफटॉप सोलर पीवी सिस्टम की स्थापना के लिए दीर्घकालिक पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह परियोजना RESCO मॉडल के अंतर्गत संचालित की जाएगी।
यह उपलब्धि कलेक्टर कटनी एवं मुड़वारा विधायक श्री संदीप प्रसाद जायसवाल के विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के कुशल नेतृत्व में संभव हो सकी। मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (MPUVNL) के समन्वय से मेसर्स टंकारा एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ यह विद्युत क्रय अनुबंध संपन्न किया गया।
महाविद्यालय परिसर में स्थापित होने वाला 20 केवी सौर ऊर्जा संयंत्र स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देगा। इससे बिजली की खपत पर होने वाले व्यय में कमी आएगी, साथ ही कार्बन उत्सर्जन भी घटेगा। यह पहल ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना छात्राओं को हरित ऊर्जा के महत्व एवं उसके व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।
महाविद्यालय परिवार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने में सहयोग देने के लिए कलेक्टर कटनी, विधायक संदीप श्री प्रसाद जायसवाल, मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड तथा मेसर्स टंकारा एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रति आभार व्यक्त किया है। महाविद्यालय का विश्वास है कि यह पहल भविष्य में संस्थान को ऊर्जा आत्मनिर्भर, पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत विकास का आदर्श शैक्षणिक संस्थान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।








