Site icon Yashbharat.com

PM मोदी का कमजोर जनजातीय समूहों के लिए बड़ा कदम, 24 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं की शुरू

LIVE Janjatiya Gaurav Divas

PM Modi : पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रांची के ओल्ड सेंट्रल जेल में स्थित भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क-सह-स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय में महानायक की 25 फुट ऊंची प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के खूंटी से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए 24,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की. पीएम मोदी ने आदिवासियों के गौरव के प्रतीक बिरसा मुंडा की जयंती और तीसरे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर झारखंड के खूंटी जिले के बिरसा कॉलेज मैदान से ‘प्रधानमंत्री विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह’ (पीएम पीवीटीजी) मिशन की शुरुआत की जिसके दायरे में लगभग 28 लाख पीवीटीजी आएंगे.

आधिकरिक बयान के अनुसार, ‘मिशन के तहत पीवीटीजी क्षेत्रों में सड़क और दूरसंचार कनेक्टिविटी, बिजली, सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण तक बेहतर पहुंच तथा टिकाऊ आजीविका के अवसर जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.’

18,000 करोड़ रुपये किए जारी
पीएम मोदी ने देश भर के आठ करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों को पीएम किसान योजना की 15वीं किस्त के रूप में 18,000 करोड़ रुपये भी जारी किए. प्रधानमंत्री ने तीसरे जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर यहां एक बटन दबाकर डिजिटल रूप से राशि हस्तांतरित की.

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) दुनिया की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य किसानों को उनकी कृषि और अन्य आकस्मिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता करना है.

योजना के तहत लाभार्थी किसानों को प्रति वर्ष 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है.

बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री ने बुधवार को आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर रांची में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने रांची के ओल्ड सेंट्रल जेल में स्थित भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क-सह-स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय में बिरसा मुंडा की 25 फुट ऊंची प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. मुंडा ने नौ जून, 1900 को यहीं पर अंतिम सांस ली थी. बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है. बता दें प्रधानमंत्री दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं.

इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। देशभर के मेरे परिवारजनों को इस विशेष अवसर से जुड़े जनजातीय गौरव दिवस की ढेरों शुभकामनाएं.’

Exit mobile version