Site icon Yashbharat.com

‘प्रेमतरु’ अभियान में हरियाली का संकल्प: कटनी में 231 पौधों का रोपण,श्लोक-मंत्रोच्चारण एवं जियो टैगिंग के साथ चला श्री सत्य साई सेवा संगठन का वृहद पौधरोपण अभियान 

IMG 20260713 WA0005

‘प्रेमतरु’ अभियान में हरियाली का संकल्प: कटनी में 231 पौधों का रोपण,श्लोक-मंत्रोच्चारण एवं जियो टैगिंग के साथ चला श्री सत्य साई सेवा संगठन का वृहद पौधरोपण अभियान

कटनी। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से श्री सत्य साई सेवा संगठन के तत्वावधान में अखिल भारतीय स्तर पर संचालित ‘प्रेमतरु’ वृहद पौधरोपण अभियान के अंतर्गत रविवार को कटनी समिति ने दो चरणों में 231 पौधों का रोपण कर हरियाली का संदेश दिया।

अभियान के प्रथम चरण में समिति द्वारा गोद लिए गए ग्राम शिवराजपुर में ग्रामीण बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए श्लोक एवं मंत्रोच्चारण के साथ 100 पौधे लगाए गए। वहीं द्वितीय चरण में कैलवारा स्थित भगवान महावीर स्वामी जैन मंदिर गौशाला परिसर में आम, जामुन, आंवला, बांस, नीम, नींबू और अमरूद सहित 131 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में संगठन के पुरुष एवं महिला विंग, बाल विकास वर्ग के बच्चों तथा जैन समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पौधरोपण के दौरान “ॐ श्री साई राम” के जाप के साथ आध्यात्मिक वातावरण में सेवा कार्य संपन्न हुआ।

अभियान की विशेषता यह रही कि लगाए गए सभी पौधों की जियो टैगिंग की गई तथा उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई, खाद एवं पशुओं से सुरक्षा का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर चैतनोदय पशु सेवा केंद्र में गौ माता को गुड़ खिलाकर सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। समिति प्रमुख ने अभियान में सहयोग देने वाले जैन समाज एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनभागीदारी आधारित पौधरोपण अभियान निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version