अवैध शराब के विरोध में अमीरगंज में चक्का जाम, सड़क पर उतरे रहवासी,महिलाओं और बच्चों समेत लोगों ने जताया आक्रोश, पुलिस बल मौके पर तैनात
अवैध शराब के विरोध में अमीरगंज में चक्का जाम, सड़क पर उतरे रहवासी,महिलाओं और बच्चों समेत लोगों ने जताया आक्रोश, पुलिस बल मौके पर तैना
कटनी। अमीरगंज क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के विरोध में मंगलवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। महिलाओं, बच्चों और अन्य रहवासियों ने एकजुट होकर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने तथा पूर्व दिनों अमीरगंज तालाब के पास सनत कुमार यादव के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के कारण आए दिन विवाद और असामाजिक गतिविधियों की स्थिति निर्मित होती है। इसी के चलते लोगों में नाराजगी बनी हुई है। मंगलवार को बड़ी संख्या में रहवासी सड़क पर एकत्रित हुए और चक्का जाम कर पुलिस-प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देते हुए सड़क से हटने और यातायात बहाल करने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा तथा स्थिति पर नजर रखी गई।
रहवासियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक और मारपीट के मामले में कठोर कार्रवाई होने तक वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।








