सवर्ण संगठनों का आज फूलबाग में शांतिपूर्ण धरना, भारत बंद के आह्वान को लेकर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद

सवर्ण संगठनों का आज फूलबाग में शांतिपूर्ण धरना, भारत बंद के आह्वान को लेकर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद
ग्वालियर (यश भारत डॉट कॉम): जातिगत आरक्षण के विरोध में सवर्ण संगठनों की ओर से ग्वालियर शहर के फूलबाग स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने आज धरने का आयोजन किया जाएगा। संगठनों की ओर से पहले शहर बंद के आह्वान की खबरें थीं, जिसे देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
बैठक के बाद मिली शांतिपूर्ण धरने की अनुमति
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सवर्ण संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया।
-
बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से धरना प्रदर्शन के लिए शहर में कुछ अन्य वैकल्पिक स्थानों के सुझाव दिए गए थे।
-
हालांकि, संगठनों के प्रतिनिधियों ने फूलबाग स्थिति पर ही अपनी बात रखने की मांग की और अनुमति चाही।
-
विस्तृत चर्चा के बाद, अधिकारियों द्वारा शर्तों के साथ शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अधिकारियों की ड्यूटी तैनात
शहर बंद और प्रदर्शन के अलर्ट को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह से मुस्तैद है। कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों और फूलबाग स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।








