Panna News: सरकारी धान सड़ाने की तैयारी-लक्ष्मीपुर ओपन कैप में अध्यक्ष के निरीक्षण में मिलीं फटी तिरपाल, शाखा प्रबंधक वंदना बागरी निलंबित
पन्ना: लक्ष्मीपुर ओपन कैप में धान रखरखाव में भारी लापरवाही, वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन की बड़ी कार्रवाई; शाखा प्रबंधक निलंबित
Panna News: सरकारी धान सड़ाने की तैयारी-लक्ष्मीपुर ओपन कैप में अध्यक्ष के निरीक्षण में मिलीं फटी तिरपाल, शाखा प्रबंधक वंदना बागरी निलंबित
पन्ना): मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन (MPWLC) ने पन्ना जिले के लक्ष्मीपुर स्थित ओपन कैप परिसर में धान के रखरखाव में सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है. कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष (Chairman) संजय नगायच के औचक निरीक्षण के बाद पन्ना शाखा की शाखा प्रबंधक (Branch Manager) एवं गुणवत्ता नियंत्रक (Quality Controller) श्रीमती वंदना बागरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
अध्यक्ष के निरीक्षण में खुली पोल
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर ओपन कैप परिसर में चालू विपणन वर्ष 2025-26 का लगभग 17,543 मीट्रिक टन धान भंडारित है. यह धान किसानों से उपार्जन के बाद यहाँ सुरक्षित रखा गया था. कॉर्पोरेशन के दस्तावेजों के मुताबिक, 30 जून 2026 को किए गए विभागीय निरीक्षण के दौरान धान के स्टैकों पर लगाए गए कैप-कवर (तिरपाल) फटे हुए मिले.
हजारों टन सरकारी धान पर मंडराया संकट
मानसून के मौसम में ओपन कैप (खुले आसमान के नीचे) में रखे धान के स्टैकों पर फटे हुए कवर मिलना बेहद गंभीर लापरवाही है. इससे हजारों मीट्रिक टन धान के बारिश के पानी में भीगकर खराब होने, सड़ने और गुणवत्ताविहीन होने का सीधा खतरा पैदा हो गया है. सरकारी संपत्ति के रखरखाव में इस स्तर की उदासीनता को अध्यक्ष संजय नगायच ने अत्यंत गंभीरता से लिया.
निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि धान के वैज्ञानिक तरीके से रखरखाव और सुरक्षा की प्राथमिक जिम्मेदारी शाखा प्रबंधक की थी, जिसमें वे पूरी तरह असफल रहीं. शाखा प्रबंधक सह गुणवत्ता नियंत्रक वंदना बागरी के इस कृत्य को पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता माना गया है, जिसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया है.








