Onion-Sugar Price Hike: अब सस्ता मिलेगा प्याज, केंद्र सरकार चलाने जा रही ‘कांदा एक्सप्रेस’; बफर स्टॉक से आपूर्ति शुरू

Onion-Sugar Price Hike: अब सस्ता मिलेगा प्याज, केंद्र सरकार चलाने जा रही ‘कांदा एक्सप्रेस’; बफर स्टॉक से आपूर्ति शुरू
ब्यूरो रिपोर्ट (नई दिल्ली / यश भारत): देश में प्याज और चीनी की बढ़ती खुदरा कीमतों से आम जनता के बजट पर पड़ रहे बोझ को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार सोमवार से अपने बफर स्टॉक से प्याज बाजार में उतारना शुरू करने जा रही है। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने प्याज की आपूर्ति को सुचारू बनाने और रिटेल दामों को नियंत्रित करने के लिए ‘कांदा एक्सप्रेस’ विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है।
नासिक से चलने वाली ये कांदा एक्सप्रेस ट्रेनें दिल्ली, चेन्नई, कोच्चि और गुवाहाटी जैसे उन शहरों तक प्याज पहुंचाएंगी, जहां फिलहाल खुदरा कीमतें राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक हैं।
-
उत्पादन में गिरावट: बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, देश के सबसे बड़े प्याज उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में खरीफ फसल के उत्पादन में 5% से 7% की गिरावट की खबरों से कीमतें उछली हैं।
-
आर्टिफिशियल हाइक पर नजर: अधिकारियों का कहना है कि कुछ व्यापारी कृत्रिम रूप से दाम बढ़ा रहे हैं, जिसे रोकने के लिए बफर स्टॉक को चरणों में बाजार में उतारा जाएगा।
‘स्टॉक की कोई कमी नहीं, पैनिक न करें’
खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में प्याज और चीनी दोनों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
-
खरीद मूल्य बढ़ाया: किसानों की सहकारी संस्थाओं NAFED और NCCF ने चालू वित्त वर्ष के लिए करीब 1.2 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक खरीदा है। खरीद की रफ्तार बढ़ाने के लिए समर्थन मूल्य को ₹1,270 प्रति क्विंटल से बढ़ाकर ₹2,645 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
-
उत्पादन का अनुमान: कृषि मंत्रालय के दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार, फसल वर्ष 2025-26 में प्याज का कुल उत्पादन 307 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के बराबर ही है।








