नाले के पुनर्निर्माण के लिए खुदाई करके नाला निर्माण पूरा कराना भूले अधिकारी, माधवनगर गेट के पास प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार
कटनी(YASHBHARAT.COM)। माधवनगर के पास स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने नाले का निर्माण नौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर किया जा रहा। जिला कांग्रेस कमेटी(शहर) के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष राजा जगवानी का कहना है लगभग 3 माह पूर्व नाले का निर्माण कार्य शुरू हुआ, जिसके तहत नाले को नए सिरे से निर्माण कराने नाले के पुराने निर्माण की खुदाई कर के बाद निर्माण कार्य ही बंद कर दिया गया है। जिसके कारण आज लगभग 3 माह से यहां नाला खुदा हुआ पड़ा है और शहर की शोभा में चार चांद लगा रहा है। श्री जगवानी का कहना है कि खुदा हुआ नाला गंदगी से लबालब भरा हुआ है। गंदगी की वजह से डेंगू जैसे कीटाणु पनप रहे हैं। इसके अलावा यहां से स्कूली बच्चे भी गुजरते हैं। जिससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। श्री जगवानी का आरोप है कि कई बार नाले की स्थिति का विडियो बना कर सोशल मीडिया सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों को पोस्ट किया गया लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि नाले का निर्माण पूरा कराने की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। श्री जगवानी का कहना है संभवतः किसी हादसे के बाद ही शासन और प्रशासन की नींद खुलेगी।








