NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर आरोप के बहाने निशाने पर कांग्रेस
रायपुर। एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान पर यौन शोषण का आरोप लगने के बाद भाजपा और छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने कांग्रेस को निशाने पर लिया है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर कैंपेन शुरू किया है, जिसमें फिरोज खान पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। यही नहीं, भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा और युद्धवीर सिंह जूदेव ने भी मोर्चा खोल दिया है।
भाजपा विधायकों ने कहा कि कांग्रेस दोषी पदाधिकारी पर कार्रवाई की बजाए उसे बचाने की जुगत में शिकायतकर्ता महिला नेत्री पर दबाव बना रही है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस युवा विंग ने फिरोज खान का पुतला फूंका और ऋचा जोगी ने पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है।
भाजपा विधायक युद्धवीर ने सोशल मीडिया में कविता के माध्यम से तगड़ा प्रहार किया है। जूदेव ने फेसबुक पर लिखा, संदर्भ हाल में हुए एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर जो आरोप एक छात्रा ने लगाया है।
उन्होंने लिखा, सुनो द्रोपदी शस्त्र उठालो, अब गोविंद ना आएंगे। छोड़ो मेहंदी खड़क संभालो, खुद ही अपना चीर बचा लो। द्यूत बिछाए बैठे शकुनि, मस्तक सब बिक जाएंगे। सुनो द्रोपदी शस्त्र उठालो, अब गोविंद ना आएंगे। कब तक आस लगाओगी तुम, कैसी रक्षा मांग रही हो, दुशासन दरबारों से।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि महिला सुरक्षा पर मुंह फाड़-फाड़कर बयान देने वाले बयानवीरों के मुंह में दही क्यों जम गई है? भूपेश बघेल एंड पार्टी छग की महिला के साथ यौन शोषण करने वाले एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर बोलिए कुछ, वरना बंद कर दीजिए न्याय का भौंडा और नौटंकी भरा प्रदर्शन।
वहीं, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की नेत्री श्रीमती ऋचा जोगी ने पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की। ऋचा जोगी ने कहा कि एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा पद का लालच देकर छत्तीसगढ़ की बेटी का यौन शोषण करना एक अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है। पुलिस केवल बैठकर शिकायत होने का इंतजार नहीं कर सकती।
कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर भी ऋचा ने सवाल उठाये और कहा कि ये आश्चर्य की बात है कि पार्टी का एक पदाधिकारी बाहर से आता है और हमारी छत्तीसगढ़ की बेटियों का शोषण करता है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चुप्पी साधे बैठे हैं। पीड़ित युवती से मिलकर, उसकी शिकायत सुनने एवं उसे न्याय देने की बजाय, उल्टा पीड़िता पर ही मामले को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।








