NIA Raid in Bhind: राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम ने भिंड में की छापामार कार्रवाई
NIA Raid in Bhind: राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम ने भिंड में की छापामार कार्रवाई । बुधवार की सुबह चार बजे दिल्ली से एनआइए की तीन सदस्यीय टीम भिंड जिले एंडोरी थाना क्षेत्र चक शेरपुर पहुंची। एनआइए टीम के साथ मालनपुर, गोहद, एंडोरी, गोहद चौराहा थाने के करीब 50 पुलिसकर्मी थे। इसके बाद एनआइए टीम ने जितेंद्र सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह के घर छापामार कार्रवाई की।
फिलिपींस में रह कर रहा कपड़े का व्यापार
जानकारी के अनुसार जितेंद्र सिंह का चचेरा भाई देवेंद्र पुत्र करनेल सिंह पिछले पांच से फिलिपींस में रहकर कपड़े का व्यापार कर रहा है। 11 जनवरी 2023 को चचेरे भाई देवेंद्र ने फिलिपिंस में ही एक एजेंट के जरिए पंजाब में रहने वाले एक व्यक्ति को 50 हजार रुपये ट्रांसफर कराए थे। पंजाब से यह रुपये जितेंद्र के खाते में डाले गए। वहीं बता दें कि जितेंद्र के जीजा बलवरी सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी तुकेड़ा तससील गोहद पिछले एक साल से कनाडा में रह रहे हैं।
आठ घंटे तक की पूछताछ
एनआइए की टीम जितेंद्र को पूछताछ के लिए एंडोरी थाने लेकर पहुंची। जितेंद्र से आठ घंटे पूछताछ की गई। इस दौरान जितेंद्र और घर के सदस्यों की पास बुक को चेक किया गया। पूछताछ करने के बाद एनआइए की टीम जितेंद्र को गोहद थाने में छोड़ गई। लेकिन जितेंद्र का मोबाइल फोन अपने साथ ले गई। टीम ने जितेंद्र से कहा कि पांच से छह दिन बाद तुम्हें पूछताछ के लिए चंडीगढ़ बुलाया जाएगा। चक शेरपुर में रहने वाले जितेंद्र के रिश्तेदार मनोहर सिंह ने बताया कि हर दिन की सुबह चार बजे जब मैं उठा तो जितेंद्र के घर के आसपास पुलिस ही पुलिस दिखाई दी। मैंने सोचा गांव में कोई बड़ी वारदात हो गई है।








