Narsinghpur News: सामूहिक दुष्कर्म की नहीं लिखी रिपोर्ट, पीड़िता ने लगाई फांसी, ASP हटाये गए, SDOP व चौकी प्रभारी पर कार्रवाई

3f5344a3db8de02b5e0c40761578c2b6a55f251a5297a07bf69adfb9807a43f9

नरसिंहपुर । नरसिंहपुर जिले के चीचली थानांतर्गत एक गांव में अनुसूचित जाति की महिला ने शुक्रवार सुबह घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पति का आरोप है कि उसकी पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था।

इस मामले में सीएम ने कार्रवाई करते हुए एएसपी  को हटा दिया है। साथ ही एसडीओपी पर कार्रवाई तथा चौकी इंजार्ज पर एफआईआर के निर्देश दिए हैं। आपको बता दें कि गाडरवारा विधायक सुनीता पटैल एएसपी को हटाने के लिए विधानसभा में धरना भी दे चुकी हैं। वे पहले ही पुलिस की कार्रवाई से नाराज हैं।

बहरहाल दुष्कर्म इसकी रिपोर्ट लिखाने परिजन तीन दिन से पुलिस के चक्कर लगा रहे थे। आरोपितों को गिरफ्तार करने की जगह उन्हें ही लॉकअप में डाल दिया गया था। वहीं महिला की मौत के बाद पीड़ितों से मिलने जिले के आला अधिकारी उनके गांव पहुंचे। आनन-फानन में चीचली थाने के एक एएसआइ को अधिकारियों ने निलंबित कर दिया जबकि दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मृतका के पति ने एसडीओपी गाडरवारा सीताराम यादव को बताया कि उसकी पत्नी 28 सितंबर को गांव स्थित खेत में चारा काटने गई थी। जहां पर परसू, गुड्डा व अनिल नाम के तीन लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घर आने पर पत्नी ने स्वजन से घटना के बारे में बताया। सभी रात को ही गोटिटोरिया पुलिस चौकी पहुंचे, जहां उनसे आवेदन लेकर सुबह मेडिकल कराने की बात कही गई।

स्वजन का आरोप है कि जब दूसरे दिन 29 सितंबर को वे चौकी पहुंचे तो उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। 30 सितंबर को वे चीचली थाना पहुंचे, जहां उनकी फरियाद सुनने के बजाय पुलिसकर्मियों ने महिला के पति, जेठ को ही लॉकअप में बंद कर दिया। पीड़िता के साथ गालीगलौज की गई। आरोप है कि महिला के स्वजन को छोड़ने के एवज में पुलिस ने उनसे रुपए लिए। इससे व्यथित महिला ने आत्महत्या कर ली।