14 से 16 अगस्त तक होगा संगीतमय अमरकथा का आयोजन
सिंधु झूलेलाल मंगलम में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन, 16 अगस्त को भंडारे के साथ होगा समाप
कटनी। भगवान श्री झूलेलाल चालिया महोत्सव के अंतर्गत सिंधु नौजवान मंडल के तत्वावधान में सिंधु झूलेलाल मंगलम, कटनी में तीन दिवसीय संगीतमय अमरकथा का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन 14 से 16 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक होगा।
चालिया महोत्सव के अवसर पर मंगलम में 40 दिवसीय अखंड ज्योत प्रज्वलित कर श्रद्धा और भक्ति के साथ महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
तीन दिवसीय अमरकथा में इंदौर से पधारे कथा व्यास साध गुरमुखदास जी संगीतमय एवं आध्यात्मिक शैली में अमरकथा का वाचन करेंगे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिक ज्ञान एवं गुरु वाणी का लाभ प्राप्त होगा।
आयोजन के अंतिम दिन 16 अगस्त, रविवार को रात 8 बजे कथा के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
सिंधु नौजवान मंडल ने समाजजनों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अमरकथा का श्रवण करने और धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

