katniमध्यप्रदेश

पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कटनी की दिशा में नगर निगम का पौधारोपण अभियान संपन्न,महापौर,एवं जनप्रतिनिधियों ने झिंझरी तालाब के पास रोपे बरगद, कदंब सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे

पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कटनी की दिशा में नगर निगम का पौधारोपण अभियान संपन्न,महापौर,एवं जनप्रतिनिधियों ने झिंझरी तालाब के पास रोपे बरगद, कदंब सहित विभिन्न प्रजातियों के पौध

 

कटनी  – पर्यावरण संरक्षण एवं हरित शहर के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगर निगम कटनी द्वारा मंगलवार को महाराणा प्रताप वार्ड अंतर्गत झिंझरी तालाब के आसपास पौधरोपण अभियान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण कर हरित वातावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया।

 

इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक तथा क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य तुलसा गुलाब बेन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बरगद, कदंब सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का भी आधार हैं। प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल का दायित्व भी निभाना चाहिए।

 

कार्यक्रम के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी एवं सुभाष साहू, पार्षद शशिकांत तिवारी, समाजसेवी राजू शर्मा, उपयंत्री मोना करेरा सहित नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण कर धरा को हरा भरा बनाने हेतु अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

 

निगम प्रशासन ने बताया कि शहर में हरित क्षेत्र के विस्तार एवं जल स्रोतों के आसपास प्राकृतिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आगामी समय में नगर के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा। झिंझरी तालाब परिसर में लगाए गए पौधे भविष्य में क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती प्रदान करेंगे।

Back to top button