नगर निगम के रिकॉर्ड होंगे डिजिटल,निगमायुक्त की ई-गवर्नेंस की नई पहल,सभी शाखाओं के अभिलेखों का होगा चरणबद्ध डिजिटाइजेशन, पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को मिलेंगी त्वरित सेवाएं

नगर निगम के रिकॉर्ड होंगे डिजिटल,निगमायुक्त की ई-गवर्नेंस की नई पहल,सभी शाखाओं के अभिलेखों का होगा चरणबद्ध डिजिटाइजेशन, पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को मिलेंगी त्वरित सेवाए

 

कटनी। प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया विजन और प्रदेश शासन की ई-गवर्नेंस नीति को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिक निगम कटनी ने प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर निगम की सभी शाखाओं में वर्षों से संधारित अभिलेखों, नस्तियों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का चरणबद्ध डिजिटाइजेशन किया जाएगा।

इस पहल के तहत सभी शाखाओं से निर्धारित प्रारूप में रिकॉर्ड संबंधी विस्तृत जानकारी मांगी गई है। डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा समय-सीमा की बैठकों में की जाएगी, ताकि प्रक्रिया तय समय में पूरी हो सके।

निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि डिजिटाइजेशन के बाद पुराने अभिलेख सुरक्षित डिजिटल स्वरूप में संरक्षित रहेंगे। किसी भी दस्तावेज की आवश्यकता होने पर उसे कम समय में खोजकर उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे कार्यालयीन कार्यों में तेजी आएगी और निर्णय प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी। साथ ही अभिलेखों के गुम होने, क्षतिग्रस्त होने या प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान की आशंका भी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि डिजिटल रिकॉर्ड प्रणाली से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा शिकायतों, राजस्व, स्थापना और अन्य विभागीय मामलों के निराकरण में गति आएगी। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए यह व्यवस्था नगर निगम के लिए एक मजबूत और विश्वसनीय डिजिटल अभिलेख प्रणाली का आधार बनेगी।

निगमायुक्त ने सभी शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि रिकॉर्ड डिजिटाइजेशन से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रारूप में शीघ्र उपलब्ध कराते हुए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग के माध्यम से दक्ष, पारदर्शी, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करना है।

Exit mobile version