देवउठनी एकादशी पर रविवार को काली माता की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान नगर निगम की रहेंगी व्यापक व्यवस्थाएं,निगमायुक्त ने गाटर घाट नदी तट पर कृत्रिम जलकुंड निर्माण, साफ-सफाई, प्रकाश, जल एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को सौंपे दायित्
कटनी। देवउठनी एकादशी पर्व पर रविवार, 22 नवंबर को दीपावली पर्व के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित काली माता प्रतिमाओं के विसर्जन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने इस संबंध में आदेश जारी कर गाटर घाट नदी तट पर प्रतिमा विसर्जन हेतु कृत्रिम जलकुंड निर्माण सहित आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित व्यवस्थाओं के तहत गाटरघाट नदी के समीप कृत्रिम जलकुंड का निर्माण कराया जाएगा, ताकि प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित स्थल पर सुव्यवस्थित रूप से हो सके। विसर्जन स्थल एवं जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जलकुंड में पानी भरवाने तथा तिरपाल एवं जेसीबी वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
विसर्जन मार्ग एवं जलकुंड के आसपास पर्याप्त साफ-सफाई के साथ मवेशियों की रोकथाम, आवश्यक प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। संपूर्ण व्यवस्थाओं के प्रभारी राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक को नियुक्त किया गया है, जबकि संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की गई है कि प्रतिमा विसर्जन निर्धारित स्थल पर ही करें, विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा जुलूस मार्ग एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें, ताकि पर्व श्रद्धा, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

