नगर निगम अतिक्रमण दस्ते ने पेश की मानवता की मिसाल, सड़क पर मिर्गी आने से गिरे युवक की बचाई जान
नगर निगम अतिक्रमण दस्ते ने पेश की मानवता की मिसाल, सड़क पर मिर्गी आने से गिरे युवक की बचाई जान
कटनी(YASHBHARAT.COM)। शहर के व्यस्ततम स्टेट बैंक तिराहे पर आज मानवता का एक सुखद पहलू देखने को मिला। यहाँ मिर्गी का दौरा आने से सड़क पर गिरे एक अज्ञात युवक के लिए नगर निगम के अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी ‘देवदूत’ बनकर सामने आए। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर स्टेट बैंक तिराहे के पास से एक युवक गुजर रहा था, तभी अचानक उसे मिर्गी का दौरा (सीजर) पड़ा और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। तिराहे पर भारी भीड़ होने के बावजूद कुछ पल के लिए स्थिति अफरा-तफरी वाली बन गई। उसी दौरान वहां से नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता गुजर रहा था। युवक को तड़पता देख कर्मचारियों ने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और बिना समय गंवाए युवक की सहायता के लिए दौड़ पड़े। कर्मचारियों ने युवक को सुरक्षित स्थान पर लिटाया और मिर्गी के झटके के दौरान जरूरी सावधानी बरती। इसके बाद भीड़ को हटाकर युवक को उचित देखभाल दी गई ताकि उसे चोट न लगे। बाद में स्थिति सामान्य होने पर युवक को अस्पताल जाने की सलाह दी गई।








