Friday, May 15, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

नगर निगम कमिश्नर का तड़के सुबह औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्ती

नगर निगम कमिश्नर का तड़के सुबह औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त

कटनी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम कमिश्नर श्रीमती तपस्या परिहार आज तड़के सुबह अचानक सड़कों पर उतर आईं। स्टेशन रोड, कमानिया गेट और गोल बाजार क्षेत्र में किए गए इस पैदल निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण में कई स्थानों पर अनियमितताएं मिलने पर कमिश्नर ने वार्ड दरोगा और संबंधित इंजीनियर को फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “स्वच्छता में किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

कमिश्नर ने सफाई कर्मचारियों को ई-अटेंडेंस समय पर लगाने और निर्धारित नियमों के मुताबिक ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने वार्ड दरोगाओं को हर गली-मोहल्ले में समय पर सफाई सुनिश्चित कराने और शिकायत मिलते ही तुरंत समाधान करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे जमा कचरा, नाली की सफाई और कचरा निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

श्रीमती परिहार ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।
उनका यह औचक निरीक्षण शहर में स्वच्छता पर निगम की बढ़ती सख्ती का संकेत माना जा रहा है।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि