निगमायुक्त ने सागर पुलिया से बरगवां में चल रहे रेस्टोरेशन व डामर पेच वर्क का लिया जायजा,जगन्नाथ चौक से पन्ना मोड़ मार्ग को करें व्यवस्थित,नागरिकों को मिले सुगम आवागमन व्यवस्था – निगमायुक्त
कटनी – वर्षाकाल के दौरान क्षतिग्रस्त हुई नगर की सड़कों की मरम्मत एवं सीवर कार्य के पश्चात मार्गों के रेस्टोरेशन कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश के बाद नगर में चल रहे सड़क मरम्मत कार्यों का निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शनिवार देर शाम स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, मृदुल श्रीवास्तव, उपयंत्री हिमांशु गौतम सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
निगमायुक्त ने बरगवां मुख्य मार्ग में डामर से की जा रही गड्ढों की फिलिंग तथा सागर पुलिया से कटाएघाट मुख्य मार्ग के रोड रेस्टोरेशन कार्य का जायजा लिया लिया लेकर अवश्य सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्य के दौरान सड़क के लेवल और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए। कटनी साउथ सहित नगर के अन्य स्थलों में चल रहे एवं नगर के अन्य मुख्य मार्गों का रेस्टोरेशन एवं पेंच वर्क मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश निगमायुक्त ने दिए, ताकि नवरात्रि पर्व के दौरान नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
*जगन्नाथ चौक से पन्ना मोड़ मार्ग करें व्यवस्थित*
निगमायुक्त ने जगन्नाथ चौक से पन्ना मोड़ मुख्य मार्ग का भी अधिकारियों के साथ पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने कृष्णा कोल्ड स्टोरेज, बस स्टैंड के पास एवं चंडिका नगर हनुमान मंदिर के पास मार्ग की स्थिति देखकर गड्ढों की फिलिंग शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि मार्ग की चौड़ाई पर्याप्त है, आवश्यकता इसे महानगरों की तर्ज पर व्यवस्थित करने की है। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग के किनारे नगर निगम के नाले के ऊपर से अनाधिकृत अतिक्रमण हटाकर दुकानदारों की हद निर्धारित की जाए, बैरिकेट लगाए जाएं तथा पैदल बस स्टैंड जाने वाले यात्रियों एवं नागरिकों की सुविधा हेतु पाथ-वे का निर्माण और डिवाइडर को व्यवस्थित करने का प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए।

